भोगनीपुर नहर में नहाने गईं 4 किशोरियां डूबीं

तीन को बचाया,1 किशोरी लापता; तलाश में जुटी पुलिस

लवेदी,इटावा। लवेदी क्षेत्र के धर्मपुरा गांव में शुक्रवार की दोपहर भोगनीपुर नहर में नहाते समय चार किशोरियां डूब गईं, इनमें से तीन को ग्रामीणों ने बचा लिया, जबकि एक लापता है, उसकी तलाश ग्रामीणों, पुलिस व गोताखोरों द्वारा की जा रही है।

गांव के नरेश राजपूत ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री उपासना अपनी सहेलियों निधि, छाया, दीक्षा के साथ खेतों में कूड़ा डालने गईं थीं। वहां सभी इसके बाद भोगनीपुर नहर में नहाने लगीं, नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण उपासना डूबने लगी अन्य सहेलियां भी उसे बचाने के चक्कर में पानी के अंदर चली गईं।

उसी दौरान गांव के ओमकार सिंह ने किशोरियों को डूबते हुए देख लिया, उन्होंने निधि, छाया व दीक्षा को बाहर निकाल लिया, लेकिन उपासना पानी के अंदर चली गई। सूचना मिलते ही गांव के लोग वहां पहुंचे और रस्सियों की मदद से उपासना की तलाश शुरू कर दी।

प्रभारी निरीक्षक लवेदी अनिल विश्वकर्मा घटना स्थल पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम को भी बुला लिया। उन्होंने बताया कि उपासना की तलाश की जा रही है। नहर का पानी कम कराने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियाें को बोला गया है।

Related Articles

Back to top button