गृहकलह के बीच विवाहिता फांसी पर झूली

छह साल पहले हुई थी शादी,दो साल के मासूम के सिर से उठा मां का साया

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धरवार में गुरुवार दोपहर एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए।

मृतका की पहचान 30 वर्षीय प्रीति शाक्य पत्नी राजकुमार उर्फ राजू शाक्य निवासी ग्राम धरवार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब दो बजे विवाहिता के कमरे में फंदे पर लटके होने की सूचना मिली थी। प्रीति की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। उसका दो वर्षीय बेटा है। पति राजकुमार ओला-उबर की गाड़ी चलाता है, जबकि देवर बाहर रहकर नौकरी करता है। घर में सास-ससुर भी साथ रहते थे। दीपावली के अवसर पर मृतका की ननद भी घर आई हुई थी।

परिजनों के मुताबिक परिवार में आए दिन गृहकलह को लेकर विवाद होता रहता था। हालांकि विवाहिता ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद दो साल के मासूम के सिर से मां का साया उठ गया।

सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज यशवीर तोमर भी मौजूद रहे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button