शालीमार गार्डन में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश अमजद गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, चोरी की स्कूटी, आईफोन और तमंचा बरामद

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़कर उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्कूटी और एक आईफोन बरामद किया है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 27 अक्टूबर की तड़के करीब चार बजे डीएलएफ चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ भगत सिंह चौक पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रैन बसेरा, विक्रम एन्क्लेव की तरफ से डीएलएफ क्षेत्र में एक स्कूटी सवार आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह स्कूटी मोड़कर भागने लगा।
पुलिस के मुताबिक, भागते समय आरोपी की स्कूटी कब्रिस्तान के मोड़ पर गिर गई। इसके बाद वह स्कूटी छोड़कर कब्रिस्तान के अंदर जाने वाली गली में भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे कब्रिस्तान के अंदर पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अमजद निवासी 20 फुटा रोड, प्रेम नगर, लोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक स्कूटी और एक आईफोन बरामद किया।
जांच के दौरान स्कूटी दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र से चोरी की होना बताया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों के संबंध में भी जांच कर रही है।



