गाजियाबाद में 22 से 28 अक्टूबर तक होगा महानाट्य ‘जाणता राजा’ का मंचन
250 कलाकार छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम को करेंगे जीवंत, प्रतिदिन 15 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद

गाजियाबाद। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और शौर्य पर आधारित ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ का मंचन 22 से 28 अक्टूबर तक गाजियाबाद की सनसिटी में किया जाएगा। दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित इस सात दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और सांस्कृतिक गौरव की भावना जागृत करना है।
नोएडा के अदिरा बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ‘भैया जी’ ने बताया कि उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से लगभग चार घंटे तक मंचन होगा। इसमें 250 कलाकार हाथी, घोड़े, ऊंट, तोपों और तलवारों के साथ ऐतिहासिक दृश्यों को जीवंत करेंगे। सिंहगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ किलों की प्रतिकृतियों के माध्यम से शिवाजी महाराज के जीवन की प्रमुख घटनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।
डॉ. गौतम ने बताया कि मिशन लखनऊ और आगरा में भी इस महानाट्य का आयोजन कर चुका है। इस बार प्रतिदिन करीब 15 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए मार्च 2026 से तैयारियां जारी हैं और दिल्ली-एनसीआर व उत्तराखंड में 300 से अधिक बैठकें, गोष्ठियां और सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, सांसद अनुराग ठाकुर, राजा भैया और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित कई राजनीतिक एवं धार्मिक हस्तियों के आगमन की संभावना है।
महानाट्य की सफलता की कामना के लिए सनसिटी स्थित शिव अवतरण मंडपम में प्रतिदिन रुद्राभिषेक किया जा रहा है। यह अनुष्ठान 28 अक्टूबर तक चलेगा।
प्रेस वार्ता की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, संयोजक विनय चौधरी, महामंत्री दीपक शर्मा और सह-संयोजक राघवेंद्र सिंह मौजूद रहे।



