सैम्पलिंग के नाम पर उत्पीड़न बंद हो

व्यापार मंडल ने अपर आयुक्त को 17 सूत्रीय मांग का ज्ञापन सौंपा

इटावा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने मंगलवार को काली पट्टी बांधकर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के नाम पर हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष आलोक दीक्षित और शहर अध्यक्ष दिनेश कुमार यादव के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी,खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम,नई दिल्ली को संबोधित 17 सूत्रीय मांगों वाला एक ज्ञापन इटावा के अपर आयुक्त राजेश द्विवेदी को सौंपा है।

व्यापारियों की प्रमुख मांगों में शमन शुल्क व्यवस्था लागू करने,रिटेल व्यापारियों को पैकिंग की त्रुटियों से मुक्त रखने,ऑनलाइन फूड सप्लाई की सैंपलिंग और लाइसेंसिंग सुनिश्चित करने, फार्म 5 A की अनिवार्यता, और सैंपलिंग में पारदर्शिता लाने जैसी बातें शामिल थीं।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि अनावश्यक सैंपलिंग, फर्जी शिकायतों के आधार पर कार्यवाही,और दोहरी जांच व्यवस्था से व्यापार जगत परेशान है। उन्होंने मांग की कि एक देश एक कानून की तर्ज पर एक अधिकारी और एक कार्यालय की व्यवस्था हो।

इस मौके पर व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी,उद्योग मंच और विभिन्न व्यापार संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button