सुनीता दयाल ने अवैध मजार हटाने के लिए भी कार्रवाई जल्द होने की जताई उम्मीद

गाजियाबाद। कविनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में लंबे समय से बंद पड़ी तिरंगा लगाने की व्यवस्था अब बहाल हो गई है। महापौर सुनीता दयाल के लगातार प्रयासों और उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने के बाद यूपीसीडा ने पार्क में 211 फीट ऊंचा तिरंगा लगवा दिया है। महापौर ने उम्मीद जताई कि पार्क के पास बनी कथित अवैध मजार को हटाने के मामले में भी जल्द कार्रवाई होगी।
दरअसल, औद्योगिक क्षेत्र के कुछ हिस्से नगर निगम से यूपीसीडा को हस्तांतरित किए गए हैं। इन क्षेत्रों के विकास, अनुरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी अब यूपीसीडा के पास है। इसी क्रम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क के रखरखाव का दायित्व भी यूपीसीडा को मिला था, लेकिन पार्क में लंबे समय से तिरंगा नहीं लगा था। वहीं, पार्क के पास बनी मजार को हटाने की मांग भी लंबित थी।
महापौर सुनीता दयाल ने इस मामले में यूपीसीडा के अधिकारियों से लगातार बातचीत की और मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग उठाई। इसके बाद पार्क में तिरंगा लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया। अब महापौर ने मजार के मामले में भी जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।



