सावन पर्व की सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा

सुल्तानपुर। सावन माह में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रातःकाल पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर चारू निगम ने थाना धम्मौर क्षेत्र स्थित महेश नाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष सहित वरिष्ठ उपनिरीक्षक जमील अहमद, कांस्टेबल संजय यादव तथा अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सावन माह में मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
थाना धम्मौर पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।



