संत तुलसाराम महाराज के दिल्ली आगमन पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

नई दिल्ली। पूज्य संत श्री तुलसाराम जी महाराज के दिल्ली आगमन पर राजपुरोहित समाज, दिल्ली-एनसीआर की ओर से भव्य शोभायात्रा और भजन संध्या का आयोजन किया गया। सजे रथ में गुरुदेव के विराजमान होने के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नन्हीं बच्चियों ने कलश यात्रा में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
भजन संध्या में चुन्नीलाल राजपुरोहित ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया। इस दौरान श्री खेतेश्वर दाता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
गुरुदेव ने अपने आशीर्वचन में माता-पिता की सेवा, सदाचार, नशे से दूर रहने और आपसी प्रेम व सामाजिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने समाजबंधुओं से सुख-दुःख में एक-दूसरे का साथ देने और मिल-जुलकर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजपुरोहित समाज के लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। अंत में प्रसादी का आयोजन किया गया।



