राजेश को चित्रकूट मंडल का कोऑर्डिनेटर किया नियुक्त
उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स संघ ने किया नियुक्त

जसवंतनगर,इटावा। उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स संघ द रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्ध ने प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में प्रादेशिक कार्यकारिणी ने बिवांर, हमीरपुर निवासी राजेश जादौन को चित्रकूट मंडल का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है।
यह निर्णय 21 दिसंबर 2025 को नोएडा स्थित संघ के मुख्य कार्यालय में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। राजेश सिंह जादौन वर्तमान में जनपद इटावा के जसवंतनगर ब्लॉक में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। खेल एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका और निष्ठा को देखते हुए संघ ने उन पर विश्वास जताया है।
अपनी नियुक्ति पर खुशी व्यक्त करते हुए राजेश जादौन ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में अभी तक रोलर स्केटिंग का कोई संगठित ढांचा विकसित नहीं हो पाया है। उनका लक्ष्य यहां के युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
राजेश जादौन की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। लोगों का मानना है कि उनके नेतृत्व में बुंदेलखंड में रोलर स्केटिंग खेल नई ऊंचाइयों को छुएगा और युवाओं को बेहतर खेल भविष्य मिलेगा।



