जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम के निर्देश
अस्पतालों में ओपीडी बढ़ाने और मरीजों से संवेदनशील व्यवहार के निर्देश, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दवा व टेस्ट किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की सह-अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन चंद्र सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पंचायती राज समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी चिकित्सालयों में ओपीडी सेवाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सर्जरी नहीं करने वाले विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों को चेतावनी जारी कर कार्य में सुधार सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के राज्य स्तरीय डैशबोर्ड पर गाजियाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का संचालन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही केंद्रों पर आवश्यक दवाएं और टेस्ट किट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने अस्पतालों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था के साथ मरीजों को समुचित उपचार और सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। आयुष्मान वार्डों को साफ-सुथरा रखने तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिलने पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले माह से सर्वाधिक प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने वाली तीन उत्कृष्ट आशाओं को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं करने वाली आशाओं को दोबारा प्रशिक्षण देकर कार्य में सुधार कराया जाएगा



