आवारा जानवर बचाने में स्कूटी फिसली: शिक्षका घायल
हेलमेट से सुरक्षित बचा सिर

इटावा। शहर में आवारा जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार सुबह विद्यालय जा रही एक शिक्षिका की स्कूटी के सामने अचानक आवारा जानवर आ जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
कंपोजिट विद्यालय विक्रमपुर में तैनात शिक्षिका प्रवीणा तिवारी, पत्नी अवनेश तिवारी, सुबह स्कूटी से विद्यालय जा रही थीं। पुलिस लाइन क्षेत्र में अचानक एक आवारा जानवर स्कूटी के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और शिक्षिका सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं।
गनीमत रही कि शिक्षिका ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि हाथ,पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने उनकी स्कूटी सुरक्षित खड़ी कर उन्हें बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से इनके स्थायी समाधान की मांग की है।



