प्रतिमा स्थापना की वर्षगांठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब

हवन पूजन के साथ हुए विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम जसोहन स्थित प्राचीन सिद्धपीठ पथरी बाबा मंदिर पर वर्ष भर पूर्व संपन्न हुई मूर्ति स्थापना की वर्षगांठ के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान एवं हवन-पूजन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया था। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत हवन-पूजन संपन्न कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। वातावरण भक्ति गीतों और मंत्रोच्चारण से पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में मंदिर के महंत गोटिया महाराज ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है तथा लोगों में आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। भाजपा नेता जितेंद्र शीलू तोमर ने बताया कि सिद्धपीठ पथरी बाबा मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में उमेश सिंह, दलवीर सिंह, पंडित प्रदीप मिश्रा डीलर, श्यामलाल, लप्पू तोमर, महेश चौहान, गुड्डू पंडित, नवरत्न सिंह, रणबीर बघेल, नीरज चौहान सहित अनेक श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन के अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

Related Articles

Back to top button