पॉक्सो एक्ट की क्या है? दी गई जानकारी
बच्चों को सिखाए गए आत्मरक्षा के गुण

इटावा। पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल, मानिकपुर मोड़ ग्वालियर बायपास के परिसर में सोमवार को विधिक साक्षरता दिवस के अवसर पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन व।फास्ट ट्रैक कोर्ट) अभिषेक कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012 और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण से हुआ। सिविल जज ने बच्चों को सरल भाषा में यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण के लिए बनाए गए पॉक्सो कानून की जानकारी दी। उन्होंने गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि किसी भी तरह के अनुचित व्यवहार या असहज स्थिति को छिपाना नहीं चाहिए। ऐसी स्थिति में सबसे पहले माता-पिता और शिक्षकों से खुलकर बात करनी चाहिए।
उन्होंने बच्चों को आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100, 112 और 1098 की जानकारी भी दी। साथ ही बच्चों को सजग रहने और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य डॉ.कैलाश चंद्र यादव ने न्यायिक टीम का आभार जताते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ कानूनी जागरूकता भी विद्यार्थियों के लिए जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाते हैं।
इस दौरान पैरा लीगल वॉलिंटियर्स श्याम सुंदर व शिवदीप,शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



