कंटेनर ने पिकअप में दो बार मारी टक्कर

ढाबे के पास खड़ी थी पिकअप,हादसे में अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमुनाबाग गांव के पास फौजी ढाबे पर खड़ी पिकअप में कंटेनर चालक ने दो बार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा, शीशा, लाइट समेत अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। विरोध करने पर चालक पर गालीगलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पश्चिमी शरीरा, कौशांबी निवासी प्रभात कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिकअप लेकर वृंदावन से कानपुर लौट रहा था। जमुनाबाग स्थित फौजी ढाबे के पास उसने वाहन खड़ा किया और चाय पीने चला गया। इसी दौरान एक कंटेनर ने पिकअप के आगे से टक्कर मार दी।

टक्कर की आवाज सुनकर प्रभात मौके पर पहुंचा और कंटेनर चालक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने कंटेनर को दोबारा पीछे किया और पिकअप में दूसरी बार टक्कर मार दी। इससे वाहन का अगला हिस्सा समेत शीशा और लाइट क्षतिग्रस्त हो गई।पीड़ित के विरोध करने पर कंटेनर चालक ने गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button