बीच बस्ती लगे कूड़े के ढेर: दिनभर बदबू से परेशान

महावीर नगर,टीला खुशालपुर में दर्जनों घरों के बीच जमा है कचरा, नगर पालिका की कार्यशैली पर उठे सवाल

भरथना,इटावा। भरथना कस्बे के मोहल्ला महावीर नगर और टीला खुशालपुर में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। दर्जनों घरों के बीच कूड़े के ढेर जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध के कारण स्थानीय निवासी दिनभर बदबू के बीच रहने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या का आज तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पालिका के कर्मचारी विभिन्न मोहल्लों से एकत्रित कूड़े को आबादी के बीच ही लाकर इकट्ठा कर देते हैं। धीरे-धीरे यही कूड़ा बड़े ढेर का रूप ले लेता है। कूड़े के आसपास गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों का वहां से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है कि कूड़ा उठाने की व्यवस्था नियमित नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

कूड़ा प्रबंधन केंद्र होने के बाद भी आबादी में ढेर

स्थानीय लोगों का कहना है कि भरथना नगर पालिका क्षेत्र के निनावा गांव में कूड़ा प्रबंधन केंद्र होने के बावजूद आबादी के बीच कूड़े का अंबार लगा हुआ है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब कूड़े के निस्तारण के लिए निर्धारित व्यवस्था मौजूद है तो फिर कचरे को बस्ती के बीच क्यों जमा किया जा रहा है। लोगों ने नगर पालिका से कूड़े को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और आबादी के बीच लगे ढेर को तत्काल हटाने की मांग की है।

कूड़े के ढेर पर गौवंशों का डेरा

कूड़े के ढेर पर बड़ी संख्या में गौवंश भी मंडराते नजर आते हैं। गौवंश कूड़े में खाद्य सामग्री तलाशते रहते हैं और इस दौरान प्लास्टिक समेत अन्य कचरा भी उनके खाने में पहुंच जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका की गौशाला होने के बावजूद गौवंशों का कूड़े के ढेर पर घूमना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने गौवंशों को पकड़कर गौशाला में संरक्षित किए जाने की मांग की है।

दिनभर बदबू से जूझते हैं लोग

स्थानीय निवासियों के अनुसार कूड़े के ढेर से दिनभर दुर्गंध उठती रहती है। गर्मी और धूप के बीच बदबू और अधिक फैलने से आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भी इस गंदगी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी समेत संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर आबादी के बीच जमा कूड़े को तत्काल हटवाने, नियमित सफाई कराने और कूड़े को निर्धारित कूड़ा प्रबंधन केंद्र तक पहुंचाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button