जागरण में रातभर गूंजे माता रानी के जयकारे
34वें विशाल भगवती जागरण में भजनों पर झूमे श्रद्धालु

जसवंतनगर,इटावा। खटखटा बाबा की कुटिया पर 34वां विशाल भगवती जागरण श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। रातभर कुटिया परिसर और आसपास का क्षेत्र माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु देर रात तक जागरण में डटे रहे और माता रानी के भजनों पर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशाल भगवती जागरण समिति के अध्यक्ष बटेश्वरी दयाल प्रजापति सहित समिति पदाधिकारियों ने माता रानी के समक्ष पूजा-अर्चना कर किया। कार्यक्रम स्थल पर विशाल प्रतिमाओं का भव्य दरबार सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से पूरा परिसर मनमोहक दिखाई दे रहा था।
कानपुर से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका नैना किंकर ने अपनी प्रस्तुतियों से देर रात तक समां बांधे रखा। उन्होंने माता रानी की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। मैया तेरे दरबार में…..भक्ति भाव से ओतप्रोत गीतों पर श्रद्धालु तालियां बजाते और माता रानी के जयकारे लगाते रहे। इसके बाद कानपुर से आईं रुचि शर्मा ने भी अपनी शानदार भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
रवि खन्ना फिरोजाबाद व मथुरा,हाथरस और मैनपुरी से आए कलाकारों ने भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विशाल एवं आकर्षक झांकियां जागरण का प्रमुख आकर्षण रहीं। देवी-देवताओं के विभिन्न स्वरूपों और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों को श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर निहारते रहे। झांकियों के दौरान पंडाल तालियों और जय माता दी के जयकारों से गूंज उठता था।
कार्यक्रम के दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह चौहान,भाजपा नेता अजय बिंदु यादव,विवेक गुप्ता,अभिषेक शुक्ला, समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य, प्रजापति समाज की ऊषा प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारियों एवं एबीवीपी पदाधिकारियों को मंच पर जय माता दी का पटका पहनाकर तथा माता रानी का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
प्रजापति समाज की ओर से विशाल भगवती जागरण समिति के अध्यक्ष बटेश्वरी दयाल प्रजापति को सम्मानित किया गया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार 34 वर्षों से आयोजित हो रहा यह धार्मिक आयोजन क्षेत्रवासियों की आस्था और सहयोग का प्रतीक बन चुका है। जागरण में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। भजनों,झांकियों और माता रानी के जयकारों के बीच पूरी रात वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के रमेश चंद्र जैन,मनोज गुप्ता बॉबी,राजकिशोर गुप्ता,हिमांशु प्रजापति सहित समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रमुख रूप से सहयोग किया।



