कलान और देव इन्द्रावती पीजी कॉलेज की टीम ने दर्ज की शानदार जीत

सुलतानपुर। अखंडनगर के कलान स्थित श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज के उरेहा स्टेडियम में अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबलों में मेजबान श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज कलान और देव इन्द्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और अगले चरण में प्रवेश किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ.राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के कुलपति कर्नल डॉ.बिजेंद्र सिंह ने फीता काटकर और सिक्का उछालकर किया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान कुलपति को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कुलपति ने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त जरिया हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के महाविद्यालय में खेलों को बढ़ावा देने और प्रतियोगिता के बेहतर आयोजन के लिए उन्होंने संस्थान प्रबंधन की सराहना की।पहला मुकाबला श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज कलान और बाबा बरुआदास पीजी कॉलेज अंबेडकरनगर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बाबा बरुआदास की टीम ने 12 ओवर में 71 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान कलान की टीम ने सातवें ओवर में ही एक विकेट खोकर नौ विकेट से शानदार जीत हासिल कर ली।

दूसरे मुकाबले में गनपत सहाय पीजी कॉलेज सुलतानपुर और देव इन्द्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी के बीच भिड़ंत हुई। गनपत सहाय की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 72 रन बनाए। जवाब में देव इन्द्रावती पीजी कॉलेज की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह, इंटर कॉलेज प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.मनोज कुमार सिंह, प्रशासनिक अधिकारी डॉ.अतुल कुमार सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के टीम प्रबंधक, निर्णायक मंडल के सदस्य, शिक्षक-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button