विश्व कप में 37वीं रैंक हासिल कर उत्कर्ष शर्मा ने बढ़ाया सुल्तानपुर का मान

बीजिंग में अंतरराष्ट्रीय पार्कौर विश्व कप में किया भारत का प्रतिनिधित्व

सुलतानपुर। सपनों को हकीकत में बदलने का जुनून हो और मेहनत पर अटूट विश्वास, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह नहीं रोक सकते। इसी संकल्प और प्रतिभा के दम पर सुल्तानपुर के उत्कर्ष शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी पहचान बनाई है। चीन की राजधानी बीजिंग में आयोजित पार्कौर विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कर्ष ने 37वीं रैंक हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार और परिचितों, बल्कि पूरे सुल्तानपुर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

नगर के ओमनगर निवासी 21 वर्षीय उत्कर्ष शर्मा का चयन जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से भारतीय टीम में किया गया था। फेडरेशन ने 14 अक्टूबर 2026 को जारी चयन पत्र में उन्हें पुरुष सीनियर फ्रीस्टाइल एवं स्पीड वर्ग के लिए नामित किया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन 28 अक्टूबर से एक नवंबर तक चीन के बीजिंग में हुआ। भारतीय दल में चार खिलाड़ियों के साथ दो कोच शामिल थे।

उत्कर्ष के अलावा कर्नाटक के ओजस्वी कौशिक केवी, महाराष्ट्र की यशिका जयचंद्रा पूजारी और गुजरात के मीत परेशभाई कोसाम्बिया भी भारतीय टीम का हिस्सा थे। टीम के साथ महाराष्ट्र के देवेंद्र राजगुरु और धैर्यशील देशमुख ने कोच की भूमिका निभाई।

शिक्षक पिता और गृहिणी मां के बेटे हैं उत्कर्ष

उत्कर्ष के पिता संजीत कुमार शर्मा परिषदीय विद्यालय जूनियर हाईस्कूल अमेठा, दूबेपुर में सहायक अध्यापक हैं, जबकि उनकी मां रेनू शर्मा गृहिणी हैं। बेटे की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि और 37वीं रैंक हासिल करने से माता-पिता गौरवान्वित हैं। परिजनों के साथ मोहल्ले और क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह है। लोगों का कहना है कि उत्कर्ष ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले के युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

क्या है पार्कौर, जिसमें उत्कर्ष ने दिखाई प्रतिभा

पार्कौर शारीरिक दक्षता, संतुलन, गति और साहस का अनूठा खेल है। इसमें खिलाड़ी रास्ते में आने वाली बाधाओं को छलांग, दौड़ और कलात्मक शारीरिक गतिविधियों के जरिए पार करते हैं। फ्रीस्टाइल में खिलाड़ी अपने कौशल, तकनीक और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हैं, जबकि स्पीड स्पर्धा में निर्धारित बाधा मार्ग को कम से कम समय में पूरा करना होता है।

उत्कर्ष की 37वीं रैंक भले ही विश्व स्तर पर एक पड़ाव हो, लेकिन 21 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह प्रदर्शन उनके भविष्य के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलता है। अब खेल प्रेमियों और जिले के लोगों को उम्मीद है कि उत्कर्ष आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में और बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे।

उत्कर्ष की यह उपलब्धि संदेश देती है कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। जरूरत है तो सिर्फ लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर अभ्यास और आगे बढ़ने के हौसले की।

Related Articles

Back to top button