सर्विस रोड की उखड़ी बजरी फिसली बाइक: दंपती घायल
जोनई चौक के पास ओवरब्रिज निर्माण से क्षेत्र में हुआ हादसा

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोनई चौक के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर उखड़ी सड़क की बजरी में बाइक फिसलने से दंपती घायल हो गए। दोनों को एनएचएआई की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
फिरोजाबाद जिले के थाना सिरसागंज कस्बा निवासी 55 वर्षीय रामवीर सिंह पुत्र सीताराम अपनी 53 वर्षीय पत्नी गीता देवी के साथ बाइक से इटावा जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोनई चौकी से पहले निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर पहुंचे, तभी सड़क पर फैली उखड़ी बजरी के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।हादसे में दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया।



