एसआईआर कार्य पूर्ण, मतदाता सूची का हुआ अवलोकन
ताखा तहसील क्षेत्र में किया अवलोकन

ताखा,इटावा। शासन के निर्देशानुसार ताखा तहसील के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
शुक्रवार दोपहर समय करीब 12 बजे ताखा तहसील क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत राजनीतिक दलों के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में बीएलओ द्वारा बताया गया कि सभी मतदान केंद्रों पर पंजीकृत मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक हो गया है। मृत, स्थानांतरित एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं को छोड़कर शेष सभी मतदाताओं की जानकारी डिजिटाइज कर ऑनलाइन सिस्टम में अपडेट कर दी गई है। बीएलओ ने प्रत्येक मतदान केंद्र क्रमांक के अनुसार कुल पंजीकृत मतदाताओं,डिजिटाइजेशन पूर्ण होने वाले मतदाताओं की संख्या,मृत पाए गए मतदाता,दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता एवं स्थानांतरित पाए गए मतदाताओं का ब्यौरा बीएलए के समक्ष प्रस्तुत किया।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर प्रक्रिया की पारदर्शिता,प्रगति तथा अंतिम अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मतदाता सूची को और अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने पर बल दिया तथा आवश्यक सुझाव भी साझा किए। एसआईआर कार्य पूर्ण होने के साथ ही नगर में आगामी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर प्रशासन और निर्वाचन विभाग की गतिविधियां और अधिक सक्रिय हो गई हैं।
बैठक में ताखा तहसीलदार जावेद अंसारी,लेखपाल कुलदीप यादव,प्रवीण लेखपाल,उदय लेखपाल, नेहा लेखपाल,राजेश लेखपाल,सतेंद्र लेखपाल सहित सभी क्षेत्रों के लेखपालों ने अपने अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची का अवलोकन कराया।



