कब्रिस्तान और श्मशान की जमीन पर कब्जे का आरोप, डीएम से जांच और कार्रवाई की मांग

गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में कब्रिस्तान, श्मशान और सरकारी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत की गई है। नई बस्ती गौरीपट्टी निवासी आदिल खान ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हाजी सलमान और कल्लू बेग पर सरकारी एवं कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कराकर जमीन को कब्जामुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, खसरा संख्या 2129 और 2130 राजस्व अभिलेखों में श्मशान भूमि के रूप में दर्ज हैं। आरोप है कि इन जमीनों पर मकानों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा कब्रिस्तान से संबंधित कई खसरा नंबरों पर भी कब्जे का आरोप लगाया गया है। शिकायत में खसरा संख्या 2125, 2121, 2117, 2119, 2166, 2120, 2325, 2326/4, 1892/1, 1889, 1887, 1703/2, 1700, 1299/1, 1441 और 1405 समेत अन्य जमीनों का उल्लेख किया गया है। शिकायत में इन जमीनों का कुल क्षेत्रफल करीब 3.7070 हेक्टेयर बताया गया है।

आदिल खान ने तालाब की जमीन पर भी कथित कब्जे का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मामले को लेकर पुलिस से शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में एक अन्य व्यक्ति पर भी आरोप लगाया गया है कि वह जमीन कब्जाने और गोतस्करी से जुड़े मामलों में आरोपित लोगों का कथित रूप से सहयोग करता है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच कराने, सरकारी, श्मशान एवं कब्रिस्तान की जमीन को कथित कब्जे से मुक्त कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इधर, हिंदू रक्षा दल की शिकायत का भी किया गया उल्लेख: हाल ही में हिंदू रक्षा दल की ओर से हाजी सलमान पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। संगठन की ओर से दावा किया गया था कि हाजी सलमान ने 50 से अधिक युवकों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की, सोने की चेन लूटी और पिस्टल की बट से हमला कर सिर फोड़ दिया। इस मामले में लोनी थाने में हाजी सलमान समेत करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की बात कही गई है।

हालांकि, जमीन पर कब्जे से जुड़े लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में राजस्व विभाग और पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button