टीचर टीम ने विधायक को सौंपा धन्यवाद ज्ञापन

भरथना,इटावा। टीचर सेल्फ केयर टीम इटावा के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने इटावा सदर विधायक सरिता भदौरिया के निज निवास पर पहुंचकर उन्हें धन्यवाद ज्ञापन पत्र सौंपा।
इस दौरान शिक्षकों, शिक्षामित्रों,अनुदेशकों, रसोइयों एवं उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा भारतीय स्टेट बैंक के साथ समझौते के माध्यम से बीमा सहित अन्य सुविधाएं प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई कैशलेस चिकित्सा सुविधा से शिक्षक एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। टीम ने मांग की कि यह सुविधा सेवानिवृत्ति के बाद भी जारी रखी जाए, क्योंकि बढ़ती उम्र में चिकित्सा की आवश्यकता अधिक होती है।
इसके साथ ही किसी शिक्षक या कर्मचारी के स्वजन की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार एवं संबंधित धार्मिक परंपराओं को पूरा करने के लिए 15 दिन का विशेष अवकाश प्रदान करने की मांग की गई। टीम ने कहा कि शिक्षकों के पास सीमित अवकाश होने के कारण ऐसे कठिन समय में पारिवारिक एवं धार्मिक दायित्वों का निर्वहन करने में परेशानी होती है।
ज्ञापन सौंपने वालों में शौकीन सिंह,सुनील कुमार,राजेंद्र सिंह, हरगोविंद नायक,संघप्रिय राव,बृजेश कुमार,राम प्रकाश,अशोक कुमार, जितेंद्र कुमार,शैलेंद्र सिंह, सितारा बानो,नीलम, सोनी गौड़,योगेंद्र नारायण,पवन कुमार, योगेश कुमार,हेतराम, अवनीश अवस्थी आदि मौजूद रहे।



