मुठभेड़ में हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार: पैर में लगी गोली
जसवंतनगर कोठी कैस्त के युवक को गोली मारने का था आरोप

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोठी कैस्त में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में वांछित आरोपी को रविवार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। कचौरा बाईपास रेलवे ओवरब्रिज के पास नहर पुल की ओर झाड़ियों में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, कोठी कैस्त निवासी सुनीता पत्नी राजेश ने 22 अगस्त को थाने में तहरीर दी थी कि अभिषेक उर्फ बंजारा और सुमित उर्फ लाखा ने उसके पुत्र शिवम उर्फ शेखू को गोली मारकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम क्षेत्र में तलाश और कॉम्बिंग कर रही थी। इसी दौरान कचौरा बाईपास रेलवे ओवरब्रिज के पास झाड़ियों में छिपे आरोपियों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभिषेक उर्फ बंजारा के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक दूसरा आरोपी सुमित उर्फ लाखा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार अभिषेक उर्फ बंजारा पुत्र अशोक, निवासी ग्राम कोठी कैस्त, थाना जसवंतनगर, की उम्र करीब 25 वर्ष है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ जसवंतनगर और बसरेहर थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, चोरी, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में थानाध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक हेमंत कुमार, ललित किशोर चतुर्वेदी, शुभम वर्मा समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।



