तेज रफ्तार: दूध भरी पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर
बाइक सवार तीन युवक गंभीर घायल

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में बीते सोमवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रात्रि करीब 11 बजे पाली बंबा के पास एक तेज रफ्तार दूध पिकअप ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद साथ चल रहे उनके साथियों में हड़कंप मच गया।
साथी गौरव ने बताया नगला साबित खान, लखना के समीप निवासी शिबू 19 पुत्र सर्वेश कुमार, प्रियांशु 22 पुत्र अमरीश कुमार और अंजुल 17 पुत्र अरविंद्र कुमार भरथना में एक कार्यक्रम में कैटरिंग का काम खत्म कर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पाली बंबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार दूध पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर सैफ ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार दूध पिकअप की तलाश की जा रही है।



