अनावरण 5.0’ के साथ सीएमडी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का शुभारंभ

गाजियाबाद/मोदीनगर। सेंटर फॉर मैनेजमेंट डेवलपमेंट (सीएमडी), मोदीनगर में प्रबंधन शिक्षा के नए सत्र 2026-28 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए ‘अनावरण 5.0–एक शुभारंभ’ अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन पार्व हॉल में भव्य एवं गरिमामयी वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, प्रबंधन शिक्षा तथा भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम को डॉ. के. एन. मोदी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. डी. के. मोदी का स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उनके आशीर्वचनों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मयंक एन. गुप्ता, पूर्व प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एएमएक्स, रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए नेतृत्व क्षमता, नवाचार, निरंतर सीखने और बदलते व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहकर नई संभावनाओं की तलाश करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में कार्यकारी निदेशक डॉ. दीपांकर शर्मा, डॉ. एकता भारद्वाज, प्राचार्या जी.डी.एम.आई. कॉलेज तथा डॉ. पूजा शर्मा, प्राचार्या डॉ. के. एन. मोदी ग्लोबल स्कूल की गरिमामयी उपस्थिति रही। नवप्रवेशित विद्यार्थियों को डॉ. दीपांकर शर्मा, श्री मयंक एन. गुप्ता एवं सीएमडी के निदेशक डॉ. रविन्द्र आर्या ने प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक संबोधन दिए।
डॉ. रविन्द्र आर्या ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए सीएमडी की वर्ष 1983 से चली आ रही 43 वर्षों की गौरवशाली प्रबंधन शिक्षा परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, व्यावसायिक दृष्टिकोण, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने की यात्रा है।
कार्यक्रम की सफलता में सुधांशु चतुर्वेदी, प्रो. दिव्या वत्स, प्रो. प्रियंका सक्सेना, डॉ. दीपली चौधरी, डॉ. निखिल सिरोही, विकास कुमार सहित सीएमडी के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



