ब्लाक परिसर का ताला बंद शौचालय बना ‘सफेद हाथी’
भरथना ब्लाक के पुरुष शौचालय में लटका ताला

इटावा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सरकार द्वारा लाखों रुपये खर्च करके बनाए गए शौचालयों की स्थिति जमीनी स्तर पर कैसी है, इसका ताज़ा उदाहरण बुधवार को भरथना ब्लॉक परिसर में देखने को मिला। ब्लॉक परिसर में बना पुरुष शौचालय पूरे दिन ताले में बंद रहा, जिससे कर्मचारियों व आने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह से लेकर देर शाम तक पुरुष शौचालय के दरवाजे पर ताला लटका रहा। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शौचालय उपयोग करने की जरूरत होने पर लोगों को बाहर भटकना पड़ा,लेकिन परिसर में मौजूद किसी भी कर्मचारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर जनता की सुविधा के लिए शौचालय बनवाती है, लेकिन रखरखाव न होने से ये भवन ‘सफेद हाथी’ बनकर खड़े हैं। ब्लॉक परिसर का यह शौचालय भी इसी लापरवाही का शिकार है, जहां सफाई व्यवस्था तो दूर, दरवाजों में ताला लगा रहना अब सामान्य बात हो चुकी है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी तत्काल मामले का संज्ञान लें, ताला बंद रहने की जांच कराएं और शौचालय को नियमित रूप से खुला रखने व साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।



