रक्षाबंधन तक दुकानदारों को मिली मोहलत
अतिक्रमण हटाने की 18 दिनों बनी सहमति

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा के मुहल्ला सब्जी मण्डी स्थित नगर पालिका कार्यालय के सामने सडक पर अतिक्रमण कर हथठेला व तख्त डालकर व्यापार करने वाले दुकानदारों को जिला प्रशासन के आदेश पर बीते माह चलाये गये अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत स्थानीय प्रशासन द्वारा हटा दिया गया था, जिससे पूरी सडक अतिक्रमण मुक्त हो गयी थी। किन्तु उस दिन से उन दुकानदारों के सामने आजीविका का गहरा संकट आ गया था। रोजी रोटी की खातिर उन दुकानदारों ने सभी प्रयास उपरान्त सफलता न मिलने पर पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू के समक्ष अपनी गुहार लगायी। पालिकाध्यक्ष की सूझबूझ पर स्थायी दुकानदारों व हथठेला दुकानदारों के मध्य आगामी मात्र 18 दिनों तक उक्त स्थान पर व्यापार करने की सहमति बनी है।
सार्वजनिक रूप से हस्ताक्षरयुक्त हुए समझौते के सम्बन्ध में अध्यक्ष प्रतिनिधि समाजसेवी सार्थक यादव छोटू ने बताया कि बीते माह जिला प्रशासन के आदेशानुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सब्जी मण्डी स्थित सडक को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त कर दिया गया था,किन्तु उस समय से तख्त व हथठेला दुकानदार अपनी आजीविका को लेकर बेहद परेशान थे और उनके द्वारा पालिकाध्यक्ष के समक्ष अपनी गुहार लगायी गई।
तब पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू की सूझबूझ पर स्थायी दुकानदारों व हथठेला दुकानदारों के मध्य आगामी रक्षाबन्धन व जन्माष्टमी त्यौहार के मद्देनजर 18 अगस्त से 4 सितम्बर तक उक्त स्थान पर अस्थायी दुकानें संचालित करने पर सहमति बनी है तथा समझौता पत्र के अनुसार अगले दिन 5 सितम्बर से बिना किसी वाद-विवाद के अस्थायी हथठेला दुकानदार स्वतः ही उक्त स्थान पूरी तरह खाली कर देगें। 5 सितम्बर से उक्त स्थान पर हथठेला दुकानदार कोई व्यापार नहीं करेगें। निर्धारित समयावधि के उपरान्त जो भी हथठेला दुकानदार अपनी मनमानी करेगा,उसके विरूद्ध प्रशासनिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। इस दौरान व्यापारी नेता नीलू पाण्डेय,अमित गुप्ता,गौरव चोपडा,ऋषभ पोरवाल,गोविन्द शारदा सहित करीब आधा सैकडा से अधिक स्थायी हथठेला दुकानदारों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।



