नगर पंचायत की शिकायतों का अम्बार, डीएम ने ईओ को फाइलों के साथ आवास पर किया तलब

महराजगंज, रायबरेली। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस और रविवार को अवकाश होने के चलते सम्पूर्ण समाधान दिवस सोमवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। डीएम के देर से पहुंचने के कारण कई फरियादियों को मायूसी का सामना करना पड़ा। वहीं, नगर पंचायत महराजगंज से जुड़ी शिकायतों की संख्या अधिक होने पर डीएम ने अधिशासी अधिकारी राम आशीष को संबंधित फाइलों के साथ अपने आवास पर तलब किया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में नगर पंचायत महराजगंज के खिलाफ पहली बार इतनी बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आईं। गांधी नगर, जसवंत्री देवी मंदिर के पीछे रहने वाले लोगों ने आठ माह पूर्व टेंडर होने के बावजूद सीसी रोड का निर्माण शुरू न होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने ईओ को ठेकेदार को नोटिस जारी कर अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए।
व्यापार मंडल अध्यक्ष रिंकू जायसवाल ने नगर में हो रही अवैध प्लाटिंग का मुद्दा उठाया। डीएम ने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को बिना नक्शा पास कराए प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आर्य नगर निवासी केके जायसवाल ने नगर पंचायत पर गाटा संख्या 186 स्थित मेला मैदान और गाटा संख्या 188 स्थित खलिहान की भूमि का अस्तित्व समाप्त किए जाने का आरोप लगाया। डीएम ने मामले की जांच एसडीएम को सौंपी।
रुद्र नगर निवासी अधिवक्ता सूरज कुमार ने प्रभात साहू राइस मिल के सामने अधूरी पड़ी सीसी रोड का निर्माण पूरा कराने की मांग की। इस मामले में डीएम ने ईओ को कड़ी फटकार लगाई।
प्रियतेश (संदीप वैश्य) ने नगर पंचायत की गौशाला को आवंटित चारागाह की जमीन पर नगर पंचायत कर्मी द्वारा धान की फसल लगाए जाने के साक्ष्य प्रस्तुत किए। मामले पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम को जमीन को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए।
शांति नगर की सभासद ऊषा त्रिपाठी ने हलवाई टोला की सीसी रोड का टेंडर आठ माह पूर्व होने के बावजूद निर्माण शुरू न होने तथा जनसुनवाई पोर्टल पर भ्रामक रिपोर्ट लगाए जाने के साक्ष्य डीएम के सामने रखे। इस पर डीएम ने ईओ को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्माण कार्य से संबंधित समस्त फाइलें तत्काल निरीक्षण के लिए आवास पर लाने के निर्देश दिए। नगर पंचायत से जुड़ी लगातार शिकायतों को लेकर अधिकारियों में भी चर्चा होती दिखाई दी।
जनई गांव निवासी धनंजय सिंह ने गांव में स्वीकृत 64 प्रधानमंत्री आवासों में सभी लाभार्थियों के अपात्र होने की शिकायत की। डीएम ने बीडीओ को सात दिन में विस्तृत जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। वहीं, कोड़चक मजरे कैर निवासी लवलेश ने हैंडपंप रिबोर कराने की मांग की, जिस पर डीपीआरओ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रधानों का कार्यकाल खत्म, आशा बहुओं की नियुक्ति पर डीएम ने किया स्थिति स्पष्ट
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पूरे बहेलियन मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला निवासी रुखसाना ने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद आशा बहुओं की नियुक्ति के लिए ग्राम सभा से प्रस्ताव न किए जाने की शिकायत डीएम से की। इस पर डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने सीएमओ को निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि शासन द्वारा ग्राम प्रधान को ग्राम सभा का प्रशासक नियुक्त किया गया है। प्रधान आशा बहुओं की नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर सकते हैं और उनके हस्ताक्षर मान्य होंगे।



