एनएचएम व एंबुलेंस कर्मचारियों ने उठाई नियमितीकरण और समान वेतन की मांग

गाजियाबाद। भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर 17 अगस्त 2026 को देशभर में आयोजित ‘मांग दिवस’ के तहत संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन जिलाधिकारी, गाजियाबाद के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजे जाने के लिए प्रस्तुत किया गया।

संघ ने स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), एंबुलेंस सेवाओं तथा संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की। कर्मचारियों ने सभी स्कीम वर्कर, एनएचएम कर्मचारी, स्वास्थ्य संविदा कर्मी तथा 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों, आशा वर्करों और ठेका कर्मियों को निगम अथवा स्वास्थ्य विभाग में शामिल कर विभागीय स्तर से वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई। संघ ने स्वास्थ्य, एनएचएम और एंबुलेंस कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का लाभ देने तथा एनएचएम स्कीम वर्करों एवं एंबुलेंस कर्मचारियों पर ‘समान कार्य के लिए समान वेतन’ का सिद्धांत लागू करने की मांग भी रखी।

संघ का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत बड़ी संख्या में कर्मचारी संविदा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों ने सरकार से उनकी सेवा सुरक्षा, वेतन, सामाजिक सुरक्षा और नियमितीकरण से जुड़ी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button