वन दरोगा का कथित रुपये लेने का वीडियो वायरल

प्रथम दृष्टया चार्जशीट देकर दरोगा का हुआ निलंबन

जसवंतनगर,इटावा। वन विभाग में सब कुछ ठीक चल रहा है या फिर लकड़ी कटान के साथ रुपयों का भी खेल चल रहा है ? सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीँ बायरल वीडियो की समाचार पत्र पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में वन दरोगा श्रीनिवास पांडे एक व्यक्ति से कथित तौर पर रुपयों का लेनदेन करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि वीडियो गुरुवार शाम का है और इसे राजमार्ग स्थित एक मैरिज होम के सामने अंडरब्रिज के नीचे का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

वीडियो में रुपये देने वाले बताए जा रहे व्यक्ति की ओर से कथित तौर पर दावा किया जा रहा है कि लकड़ी कटान से पहले रुपये देने पड़ते हैं और इसके बाद ही कटाई की अनुमति मिलती है। हालांकि इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले को लेकर सबसे बड़ा सवाल विभागीय निगरानी व्यवस्था पर उठ रहा है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वन विभाग के कर्मचारियों से जुड़े रुपये के लेनदेन के आरोप पहले भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में यदि आरोपों की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं तो विभागीय स्तर पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

मामले में डीएफओ विकास नायक ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। प्रथम दृष्टया वन दरोगा को चार्जशीट देकर निलंबन कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच वन विभाग के एसडीओ अंशुमान मित्तल को सौंपी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों की निगाहें विभागीय जांच व आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button