गोसेवा आयोग अध्यक्ष ने किया बैसोली घाट गौशाला का निरीक्षण

व्यवस्थाएं दुरुस्त करने अध्यक्ष ने दिए निर्देश

भरथना,इटावा। उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने भरथना ब्लॉक क्षेत्र के गांव बैसोली घाट स्थित गौशाला का निरीक्षण कर गोवंशों के रहने,चारे और साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के लिए हरे चारे और दाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौशाला पहुंचने पर गोसेवा आयोग अध्यक्ष ने गोवंशों के रहने के लिए बनाए गए पशु बाड़ों का निरीक्षण किया। उन्होंने चारे की उपलब्धता,पानी की व्यवस्था और गोवंशों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गौशाला में गोवंशों के लिए हरे चारे और दाने की पर्याप्त उपलब्धता हमेशा सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने नर और मादा गोवंशों के लिए अलग-अलग पशु बाड़े बनाए जाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही गौशाला परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और नियमित रूप से सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गोसेवा आयोग अध्यक्ष ने गौशाला के समीप स्थित सघन ग्राम वन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अशोक का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस दौरान खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद,मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह,ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अवधेश कुमार, ग्राम पंचायत सचिव अजय कुमार समेत संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button