रेल ट्रैक फ्रैक्चर: दो ट्रेनें 45 मिनट रुकीं

भरथना,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर शनिवार सुबह अचानक रेल ट्रैक में फ्रैक्चर हो जाने से भरथना रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। सुबह करीब 5:56 बजे साम्हों रेलवे स्टेशन के निकट पोल संख्या 1126/08 पर डाउन लाइन में फ्रैक्चर की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन सतर्क हो गया। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम और भरथना स्टेशन को अलर्ट भेजा।
सुरक्षा के मद्देनजर डाउन ट्रैक पर आ रही 09617 समस्तीपुर स्पेशल ट्रेन को भरथना स्टेशन पर डाउन मेन लाइन पर रोका गया। वहीं 19623 अमृत भारत एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर एक की डाउन लूप लाइन पर रोक दिया गया। दोनों ट्रेनें करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों में चिंता का माहौल रहा। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के पीडब्ल्यूडी स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू किया।
तकनीकी टीम ने समय रहते फ्रैक्चर वाले हिस्से को ठीक किया और ट्रैक को सुरक्षित घोषित किया। इसके बाद दोनों ट्रेनों को 30 किमी प्रति घंटे की स्पीड लिमिट (कॉशन) के साथ गंतव्य की ओर रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार,यह तकनीकी कमी थी जिसे समय रहते ठीक कर लिया गया,जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर बाधित रही रेल सेवा पूरी तरह सामान्य है।



