जानलेवा हमला व लूट के मामले में 5 शातिर गिरफ्तार, पर्स और नकद बरामद

संवाददाता

लखनऊ. काकोरी थाना पुलिस और पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने एक जानलेवा हमले और लूट के मामले में वांछित चल रहे पांच आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने एक पर्स, सरकारी दस्तावेज (आधार कार्ड व पैन कार्ड) और 4,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पिस्तौल छीनने और फायरिंग का मामला

पुलिस के अनुसार, घटना 21 जुलाई की है। वादी जितेंद्र सिंह की तहरीर पर काकोरी थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि आरोपियों ने वादी और उनके साथियों पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस दौरान बदमाशों ने लाइसेंसी पिस्तौल छीनकर कई राउंड फायरिंग की और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे।सर्विलांस और सीसीटीवी से मिले सुराग घटना के त्वरित खुलासे के लिए काकोरी पुलिस और पश्चिमी जोन सर्विलांस टीम को लगाया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला।

इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने चिलौली और बबुरियाखेड़ा अंडरपास के पास घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय राजपूत अंकित राजपूत विनय कुमार रावत मोहित यादव पंकज कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से कुछ का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button