गड्ढे में उछलकर डिवाइडर से टकराई कार

निर्माणाधीन फ्लाईओवर की बदहाल सर्विस रोड बनी जानलेवा

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोनई चौकी के समीप मैनपुरी जिले के बॉर्डर पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की बदहाल सर्विस रोड रविवार को एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। सड़क पर बने गहरे गड्ढे से गुजरते समय एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो बुजुर्ग घायल हो गए। गनीमत रही कि हादसा और अधिक गंभीर नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के मोहल्ला वाटरबक्स निवासी 64 वर्षीय नरेंद्र भदौरिया तथा गांव खोड़न निवासी 75 वर्षीय दीनदयाल कार से यात्रा कर रहे थे। जैसे ही उनकी कार जोनई चौकी के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर पहुंची, सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण चालक वाहन से संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते कार डिवाइडर से जा भिड़ी और दोनों बुजुर्ग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। कुछ ही देर में परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और बेहतर इलाज के लिए दोनों घायलों को अपने साथ भिंड ले गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सर्विस रोड लंबे समय से गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते में तब्दील हो चुकी है। आए दिन यहां छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियों की ओर से अब तक सड़क की मरम्मत या पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Related Articles

Back to top button