जीएसटी दरों में कटौती दीपावली का उपहार: मंत्री धर्मवीर
हर घर स्वदेशी,घर-घर स्वदेशी ही भारत को विश्वगुरु विकसित राष्ट्र बनाएगा

जसवंतनगर,इटावा। प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री तथा इटावा जनपद के प्रभारी धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी की दरों में की गई कटौती आम जनता को दीपावली से पूर्व दिया गया एक बड़ा उपहार है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश की आर्थिक गति को और अधिक सशक्त करेगा तथा उपभोक्ताओं को सीधी राहत प्रदान करेगा।मंत्री धर्मवीर प्रजापति मंगलवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जीएसटी की दरों को चार स्लैब से घटाकर दो स्लैब में किया गया है, जिससे व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ पहुंचे।
खास तौर पर दैनिक उपभोग वस्तुएं व खाद्य पदार्थ,किचन आइटम और दवाइयों पर जीएसटी कम कर जनता को राहत दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में व्यापारियों को इस संबंध में जागरूक किया जा रहा है और उनसे आग्रह किया गया है कि वे दुकानों पर उन वस्तुओं की सूची लगाएं जिन पर जीएसटी की दरें कम की गई हैं।
स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर बल देते हुए प्रजापति ने कहा कि अगर देशवासी विदेशी वस्तुओं की जगह अपने देश में बनी वस्तुओं को खरीदेंगे तो इससे स्थानीय रोजगार और उत्पादन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था,क्योंकि लोग स्वदेशी वस्तुओं का सम्मान करते थे।
आज हमें फिर हर घर स्वदेशी घर-घर स्वदेशी तहत स्वदेश निर्मित हर वस्तु को अपनाना होगा तभी भारत विश्वगुरु विकसित राष्ट्र बन सकेगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत प्रत्येक जिले के प्रमुख उत्पाद को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिला है और रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।नारी उत्थान के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा जिला मंत्री राजकमल यादव के संयोजन में आयोजित विधानसभा जसवंतनगर कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित कर कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी लोग घर-घर जाकर जनहित में जीएसटी दरों में कटौती और स्वदेशी अपनाओ अभियान से सभी को जागरूक करें।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण गुप्ता अन्नू, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य,पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विवेक शाक्य गुड्डू, जिला मंत्री राजकमल यादव,पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया,डॉ राजबहादुर यादव एड.राजेंद्र गुप्ता,राहुल राजपूत, विधानसभा मंडल अध्यक्ष अजय यादव बिंदू,संजय मिश्रा,दीपक,नंदन कठेरिया ध्रुव प्रताप,असनीत यादव, प्रशांत राव चौबे,श्रेयस मिश्रा,विवेक गुप्ता मोना,सुमित जोशी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।



