भरथना रेलवे प्लेटफार्म 3-4 का लम्बाई में होगा विस्तार
रेल प्रशासन से भरथना प्लेटफार्म 3-4 को 300 मीटर लम्बा विस्तार करने की मिली स्वीकृति

भरथना,इटावा। रेल प्रशासन ने भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर- 3 व 4 का 300 मीटर तक विस्तार करने का निर्णय लिया गया है। उक्त कार्य का विभागीय अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन उपरान्त प्रस्ताव को स्वीकृत भी प्रदान कर दी गई है।
विदित होकि भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर- 3 व 4 की लम्बाई कम होने के कारण यात्रियों को लम्बी ट्रेनोें के ठहराव होने पर उन्हें पकडने के लिए बेहद असुविधा का सामना करना पडता था,जबकि प्लेटफार्म नम्बर- 1 व 2 का विस्तार पूर्व में ही हो चुका है। जिसके चलते रेल प्रशासन द्वारा उक्त कार्य का निर्णय लिया गया है।
चूंकि वर्तमान में प्लेटफार्म नम्बर- 3 व 4 की लम्बाई लगभग 270 मीटर है,300 मीटर विस्तार के बाद दोनों प्लेटफार्म की लम्बाई करीब 570 मीटर हो जायेगी। जिससे लम्बी ट्रेनों के ठहराव होने पर यात्रियों को उरतने-चढने में बेहद सुविधा रहेगी। साथ ही दिव्यांग-बुजुर्ग यात्रियों के लिए सम्भवतः आगामी 06 माह में स्टेशन पर दिव्यांग अनुकूल फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी शुरू किया जायेगा। जिसके माध्यम से दिव्यांग यात्री व्हीलचेयर के माध्यम से कुशलतापूर्वक आवागमन कर सकेगें।



