बी.फार्मा अंतिम वर्ष के छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज का रहा दबदबा

जसवंतनगर,इटावा। डॉ. ए.पी.जे.अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी द्वारा घोषित बी.फार्मा 8वें सेमेस्टर (अंतिम वर्ष) के परीक्षा परिणामों में चौ. सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज, जसवंतनगर के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलता ने संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को एक बार फिर सिद्ध किया है।

बी.फार्मा 8वें सेमेस्टर (अंतिम वर्ष) में अनुरुद्ध प्रताप सिंह ने 79.84 प्रतिशत अंकों के साथ कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अभय कुमार ने 79.69 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा अफजल मंसूरी ने 79.07 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त अब्दुल कादिर ने 78.30 प्रतिशत अंकों के साथ चतुर्थ स्थान तथा सोनाली ने 77.20 प्रतिशत अंकों के साथ पंचम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया।

विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर कॉलेज परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।

कॉलेज के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के अथक प्रयास एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर व्यावसायिक एवं नैतिक मूल्यों से भी सशक्त बनाना है,जिससे वे भविष्य में फार्मेसी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें। कॉलेज निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन उनकी मेहनत,शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा संस्थान की उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता का परिणाम है।

सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button