कंगाली की कगार पर क्रिकेट टीम, बोर्ड ने अचानक खिलाड़ियों की सैलरी में की 25% की भारी कटौती

Salary Cut 25 Percent: क्रिकेट में दो बार टी20 और दो बार वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम कर चुकी वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम इस समय इतिहास के सबसे गंभीर वित्तीय संकट के दौर से गुजर रही है।

चरमराती आर्थिक स्थिति को संभालने और बोर्ड को दिवालिया होने से बचाने के लिए क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने शुक्रवार को कई कठोर और कड़े फैसलों का ऐलान किया। इन कदमों के तहत बोर्ड ने अपने सभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के वेतन में सीधे तौर पर 25 प्रतिशत की भारी कटौती करने का निर्णय लिया है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वेतन में इस कटौती के बावजूद शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी 12 महीने के केंद्रीय अनुबंध (सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट) के तहत बने रहेंगे, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के लिए उपलब्ध रह सकें।

घरेलू खिलाड़ियों पर दोहरी मार, 7 महीने का हुआ अनुबंध

आर्थिक तंगी की सबसे भारी मार कैरेबियाई घरेलू क्रिकेटरों पर पड़ी है। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने वित्तीय भार को कम करने के लिए घरेलू खिलाड़ियों के रिटेनर अनुबंध की समय-सीमा को सीधे घटाकर मात्र सात महीने कर दिया है। इसके अलावा बोर्ड ने अपने नियमित घरेलू टूर्नामेंट्स के कैलेंडर में भी व्यापक स्तर पर कैंची चला दी है। खर्चों को न्यूनतम स्तर पर लाने और साल 2027 में होने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप के क्वालिफायर तथा मुख्य टूर्नामेंट की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने के उद्देश्य से बोर्ड ने इस साल आयोजित होने वाले पुरुष ‘सुपर50’ कप और महिला ‘टी20 ब्लेज’ टूर्नामेंट को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।

महिला सुपर50 की जगह विकास टूर्नामेंट, प्रथम श्रेणी क्रिकेट पर असर

बदले हुए ढांचे के तहत महिला सुपर50 टूर्नामेंट को रद्द करके अगले साल उसकी जगह कम बजट वाला ‘बेस्ट बनाम बेस्ट’ विकास टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। वहीं, कैरेबियाई क्षेत्र की प्रतिष्ठित चार दिवसीय प्रथम श्रेणी प्रतियोगिता ‘वेस्टइंडीज क्रिकेट चैंपियनशिप’ को जारी रखा जाएगा, लेकिन यह इस साल की तरह ही द्विपक्षीय सीरीज के प्रारूप में महज 12 मुकाबलों तक ही सीमित रहेगी। इन सख्त कदमों का सीधा असर कैरेबियाई देशों की जमीनी क्रिकेट प्रतिभाओं और उनकी आर्थिक सुरक्षा पर पड़ना तय माना जा रहा है।

2028 ओलंपिक और पैन अमेरिकन गेम्स पर नजर: CEO क्रिस डियरिंग

क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्रिस डियरिंग ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बोर्ड के इस अलोकप्रिय फैसले का बचाव किया है। डियरिंग ने कहा कि बोर्ड को 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी और अगले साल लीमा में आयोजित होने वाले पैन अमेरिकन खेलों में क्रिकेट के पदार्पण जैसे बड़े वैश्विक मंचों की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर बजट तैयार करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमित आर्थिक संसाधनों को अब केवल उन्हीं चुनिंदा कार्यक्रमों और टूर्नामेंटों की ओर मोड़ा जाएगा, जो लागत के लिहाज से सस्ते, अधिक प्रभावी और मध्यम से दीर्घकालिक स्तर पर वेस्टइंडीज क्रिकेट को वास्तविक खेल लाभ पहुंचा सकें।

सचिन और रोहित दोनों बाहर, वेस्टइंडीज के खिलाफ रन बनाने में इस खिलाड़ी ने सबको पछाड़ा

ICC से मिला 1.6 करोड़ डॉलर का लाइफलाइन कर्ज

क्रिकेट वेस्टइंडीज की खस्ताहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बोर्ड को अपने दैनिक संचालन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के आगे हाथ फैलाना पड़ा है। सीईओ क्रिस डियरिंग ने खुलासा किया कि क्रिकेट वेस्टइंडीज ने आईसीसी से 1.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 134 करोड़ भारतीय रुपये) का बड़ा आपातकालीन ऋण सुरक्षित कर लिया है। यह आर्थिक सहायता राशि अगले एक वर्ष के भीतर तीन अलग-अलग चरणों में बोर्ड को दी जाएगी। हालांकि, इस कर्ज को हासिल करने के लिए वेस्टइंडीज बोर्ड को आईसीसी द्वारा तय की गई सख्त वित्तीय शर्तों और प्रदर्शन मानकों को अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा।

Related Articles

Back to top button