पुलिस ने दबोचा चोर साथी फरार: आभूषण नगदी बरामद

पुलिस ने 24 घंटे में चोरी की घटना का किया खुलासा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना पुलिस ने बीते बुधवार को ग्राम कैस्त में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार चोर की निशानदेही पर चोरी किए गए अधिकांश सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद कर ली है। वहीं घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं,जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार 17 जून की रात ग्राम कैस्त निवासी अनीता देवी, पत्नी रमेश चंद्र राठौर के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया था।

चोर घर से सोने का मंगलसूत्र,कान के कुंडल,अंगूठी, कान की कील,दो चांदी की करधनी, सात जोड़ी पायल,तीन जोड़ी बिछिया,तीन खड़ुआ तथा करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तत्काल सिटी इंचार्ज मनीष कुमार को खुलासे के निर्देश दिए।बीती रात पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बकरी बाजार के पास तीन संदिग्ध युवक किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं।सूचना पर उक्त स्थान पर थानाध्यक्ष कमल भाटी सिटी इंचार्ज मनीष कुमार ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की।पुलिस को देखकर दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए,जबकि एक शातिर चोर को मौके से दबोच लिया गया।पूछताछ में उसने ने अपना नाम राकेश उर्फ कल्लू पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी दतावली हाल निवास काशीराम कॉलोनी जसवंतनगर बताया। उसकी निशानदेही पर चोरी का मंगलसूत्र,अंगूठी,कान के कुंडल,कान की कील, चांदी की करधनी,सात जोड़ी पायल,तीन जोड़ी बिछिया,तीन खड़ुआ तथा 14 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button