दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत
बाइक छोड़कर फरार हुआ आरोपी बाइक चालक

जसवंतनगर,इटावा। इटावा- कचौरा रोड पर रात में दो बाइकों की आमने- सामने हुई भिड़ंत में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगरिया भाट, मौजा जगसौरा निवासी रामकुमार (26) पुत्र सुखाई लाल रात करीब 8:30 बजे ग्राम सकौआ से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान इटावा-कचौरा रोड पर सामने से आ रही उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक अविवाहित था और तीन भाइयों में मंझला था। बड़े भाई अजब सिंह बाहर नौकरी करते हैं, जबकि छोटा भाई अभिलाख सिंह घर पर रहता है। परिवार में माता-पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है।
थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाइक नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।



