दो टप्पेबाजों ने वृद्ध महिला से उतरवाए सोने के कुंडल
नशीला रुमाल सुंघाकर घटना को दिया अंजाम

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित ब्रजराज नगर में शुक्रवार शाम टप्पेबाजी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई,जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घरों में काम कर लौट रही एक गरीब बुजुर्ग महिला को दो शातिर युवकों ने नशीली चीज सुंघाकर सम्मोहित कर दिया और महिला से सोने के कुंडल उतरवा लिए फिर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, ब्रजराज नगर निवासी वृद्ध महिला जयदेवी (72) रोज की तरह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे काम खत्म कर अपने घर लौट रही थीं। तभी मोहल्ला सराय रोड चूड़ी वाली गली के पास दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और पता पूछने के बहाने बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान एक युवक ने रुमाल महिला के मुंह के पास हिला दिया, जिससे वह कुछ ही देर में सम्मोहित होकर बेसुध हो गईं।
शातिर युवक महिला को बहला-फुसलाकर मिडिल स्कूल परिसर के पास स्थित नगर पालिका के ट्यूबवेल तक ले गए। जहां युवकों ने पन्नी में लिपटे कागजों के बंडल को रुपये का पैकेट बताकर महिला के हाथ में थमा दिया और चालाकी से महिला के दोनों कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए। युवक उक्त वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि महिला करीब तीन घंटे तक बेसुध हालत में वहीं बैठी रही और रात्रि में किसी तरह घर पहुंची। अगले दिन जब महिला को पूरी तरह होश आया तो घटना की जानकारी हुई। पीड़िता के नाती नितिन ने जब कथित रुपये की गड्डी खोली तो उसमें कागज के टुकड़े निकले,जिससे ठगी और टप्पेबाजी का खुलासा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खासकर बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।



