अधिकारों के लिए आवाज हुई बुलंद

नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर निकली महिला पदयात्रा

जसवंतनगर,इटावा। भाजपा द्वारा मण्डल द्वितीय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न होने के विरोध में जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में मुख्य अतिथि महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विरला शाक्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और नारी सम्मान व अधिकारों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
पदयात्रा के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अपने अधिकारों की मांग की और स्पष्ट संदेश दिया कि अब नारी शक्ति अपने हक के लिए चुप नहीं बैठेगी। यह पदयात्रा केवल विरोध नहीं, बल्कि देश की करोड़ों माताओं-बहनों के सम्मान और अधिकारों की आवाज बनकर सामने आई।

इसके पश्चात आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान केवल शब्दों से नहीं,बल्कि ठोस निर्णयों और प्रभावी कानूनों से सुनिश्चित होना चाहिए। जब तक महिलाओं को उनका पूर्ण अधिकार नहीं मिलेगा,तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही यह भी संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा तथा हर मंच से नारी सम्मान की आवाज बुलंद की जाएगी।

इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष अजय यादव बिन्दू,पूर्व मण्डल अध्यक्ष महेश गुप्ता, पदयात्रा संयोजक भावना अग्निहोत्री,उमा सागर, कीर्ति भदौरिया,राधा मिश्रा,सीमा शुक्ला सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं। साथ ही पुष्पेन्द्र अग्निहोत्री, ध्रुवेश तोमर,राजीव उपाध्याय,श्रेयस मिश्रा, अभिषेक शुक्ला,विवेक गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता भी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button