एनएसपीएस की पूर्व छात्रा शिवानी सिंह यूपी पीसीएस परीक्षा 2024 पास कर बनीं असिस्टेंट कमिश्नर

महराजगंज, रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सलेथू की छात्रा शिवानी सिंह पुत्री राकेश सिंह का यूपी पीसीएस 2024 असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी के पद पर चयन होने पर विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिवानी सिंह ने अपनी स्कूली शिक्षा एनएसपीएस सलेथू से ग्रहण की। इन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा-2014 तथा इंटरमीडिएट-2016 में उत्तीर्ण की थी। छात्रा का पीसीएस में चयन होने पर विद्यालय परिवार गौरवान्वित है।
आयोजित समारोह में शिवानी सिंह ने विद्यालय के छात्रों को अपने वक्तव्य के माध्यम से प्रेरित किया व बताया कि अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कैसे अपनी रणनीति बनानी होगी साथ ही उपस्थित छात्रों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनको प्रोत्साहित किया।
प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने बताया कि शिवानी सिंह हमारे विद्यालय की होनहार व प्रतिभावान छात्रा रही है। छात्रा ने अपने अथक प्रयास और समर्पण से विद्यालय का नाम रोशन किया है जिससे हम और हमारा विद्यालय परिवार बहुत ही खुश है। उन्होंने ये भी कहा कि छात्रा शिवानी सिंह विद्यालय के लिए प्रेरणा श्रोत है उनकी इस सफलता से अन्य छात्र भी प्रेरित होंगे। इस कार्यक्रम में उप- प्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव, शिक्षक – शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



