बहू के प्रेम संबंध बने हत्या की वजह, तीन दोस्तों संग रची साजिश

मऊ। जनपद मऊ के थाना सरायलखंसी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरपाखुर्द में 1 फरवरी 2026 को हुई जघन्य हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अमरुद के बगीचे में ट्यूबवेल के पास 54 वर्षीय सुबच्चन उर्फ गेडी राजभर की धारदार हथियार से गला व हाथ की कलाई काटकर निर्मम हत्या की गई थी। मृतक मठ मुहम्मदपुर गांव का निवासी था।

इस मामले में मृतक की पत्नी रमावती देवी ने 2 फरवरी 2026 को थाना सरायलखंसी में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी, जिस पर मु0अ0सं0 46/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। हत्या के खुलासे के लिए थाना सरायलखंसी पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर पुलिस ने मामले की परतें खोलनी शुरू कीं।

जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड के पीछे अवैध संबंध की कहानी है। मृतक सुबच्चन उर्फ गेडी की बहू पिंकी राजभर का अपने ही मौसी के लड़के राममिलन राजभर उर्फ मुकन से करीब डेढ़ साल से अवैध संबंध चल रहा था। मृतक को इस बात की जानकारी हो गई थी और वह पिंकी को बार-बार डांटता और फटकारता था। यही बात राममिलन को नागवार गुजरी।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त राममिलन ने बताया कि पिंकी ने सारी बातें उसे बताईं, जिससे वह बेहद गुस्से में आ गया। इसके बाद 1 फरवरी 2026 की रात राममिलन ने अपने दो दोस्तों संधीर राजभर उर्फ दीप और छड्डू राजभर उर्फ रोहित के साथ मिलकर शराब पी। तीनों ने सुबच्चन को फोन कर शराब पिलाने के बहाने गरौली गांव के बाहर बुलाया।

चारों ने एक साथ बैठकर शराब पी, इसी दौरान राममिलन ने अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। जब सुबच्चन नशे में हो गया तो उसे अमरुद के बगीचे में ले जाया गया। वहां पहले उसका मुंह दबाया गया और फिर धारदार चाकू से गला रेत दिया गया। इसके बाद छड्डू उर्फ रोहित ने उसी चाकू से मृतक की दाहिनी कलाई काट दी।

अभियुक्त तब तक गला रेतते रहे जब तक सुबच्चन की मौत नहीं हो गई। हत्या का वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया।

पुलिस ने इस मामले में चार अभियुक्तों – राममिलन राजभर उर्फ मुकन, संधीर राजभर उर्फ दीप, छड्डू राजभर उर्फ रोहित और पिंकी राजभर के नाम प्रकाश में लाए। धारा 103(1) बीएनएस के साथ 5/3 बीएनएस व आयुध अधिनियम की धारा 25/4 की बढ़ोत्तरी की गई। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अवैध चाकू, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर प्लस) बरामद की गई है।

Related Articles

Back to top button