शादी का झांसा देकर युवती से एक माह यौन शोषण
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के एक गांव में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। यहां गांव के ही एक दबंग युवक ने 20 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर अगवा किया और एक महीने तक उसे विभिन्न शहरों में बंधक बनाकर उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण किया। पीड़िता ने अब एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बीते दिसंबर माह में गांव का ही सचिन राठौर युवती को बहला-फुसलाकर ले गया था। आरोप है कि वह युवती को मथुरा, बाह और लखीमपुर खीरी जैसे शहरों में छिपाकर रखता रहा। इस दौरान सचिन और उसके मित्र गणेश ने युवती के पास मौजूद सोने के जेवर और नकदी भी छीन ली। पीड़िता का आरोप है कि सचिन ने शादी का वादा कर एक माह तक उसका यौन शोषण किया, लेकिन बाद में मुकर गया।
जब पीड़िता किसी तरह जान बचाकर घर पहुंची और आपबीती सुनाई, तो परिजनों ने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में शिकायत की। आरोप है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा पीड़ित परिवार पर ही दबाव बना रही है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी अब खुद के साथ ‘लूट’ की झूठी कहानी रचकर परिवार को कानूनी पचड़ों में फंसाने की धमकी दे रहा है। बुधवार को भारी संख्या में ग्रामीणों के साथ पीड़ित परिवार इटावा एसएसपी कार्यालय पहुंचा। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि पीड़ित युवती को इंसाफ मिलता है या पुलिस का ढुलमुल रवैया जारी रहता है।



