जंतर-मंतर पर छात्रों को पीटने वाले लोगों पर हो कार्यवाही : अखिलेश माही

रायबरेली। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला। पैदल मार्च निकालते हुए डीएम दफ्तर पहुँचे सपा कार्यकर्ताओं ने धर्मेंद्र प्रधान का पोस्टर फूंका और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।

दिल्ली में 20 जुलाई को धरना दे रहे छात्रों और युवाओं के साथ में हुई बर्बरता व महिलाओं के साथ की गई गलत हरकत पर सपाई काफी नाराज दिखे।

सपा के प्रांतीय नेता अखिलेश माही ने कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर पर शांति पूर्ण धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों के ऊपर बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया गया है।

वहां के वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस तरह से दिल्ली पुलिस और आरपीएफ ने तैयारी कर रखी थी। उन्होंने कहा कि हम लोग आज राष्ट्रपति महोदया को आठ सूत्रीय ज्ञापन भेज दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग करते हैं।

मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव अखिलेश माही ने कहा कि 20 जुलाई 2026 को जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए। लाठीचार्ज के आदेश देने वाले तथा इसमें जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

सपा नेता राहुल निर्मल ने कहा कि राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर हम लोगों ने सिविल ड्रेस में छात्रों को लाठी से पीटने वाले लोग कौन हैं उनकी पहचान सार्वजनिक की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही घायल छात्रों एवं युवाओं का निःशुल्क एवं सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार सुनिश्चित किया जाए और गंभीर रूप से घायल छात्रों को उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा प्रदान किया जाए।

सपा नेता चंद्रराज पटेल ने कहा कि छात्रों एवं युवाओं की समस्याओं, विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं एवं पेपर लीक जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार तत्काल प्रभावी कदम उठाए। भविष्य में शांतिपूर्ण आंदोलनों पर बल प्रयोग की पुनरावृत्ति रोकने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाए। इसके साथ ही जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के प्रति सरकार संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्र-युवा संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।

इस मौके पर सपा नेता रंजीत यादव, अधिवक्ता सौरभ सिंह एडवोकेट, ऋषभ सेन,  सौरभ सिंह, कुमार गौरव एडवोकेट राहुल निर्मल एडवोकेट, रंजीत यादव एडवोकेट, विभव यादव एडवोकेट, पुष्कर पाल एडवोकेट, ऋषभ सेन एडवोकेट, आशीष यादव एडवोकेट, राम सुमेर एडवोकेट, राम विलास यादव एडवोकेट आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button