नेहरू वर्ल्ड स्कूल में वाद-विवाद कौशल कार्यशाला व अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

गाजियाबाद। नेहरू वर्ल्ड स्कूल में शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025 को “वाद-विवाद कौशल कार्यशाला व प्रतियोगिता” का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता विश्वस्तरीय वाद-विवाद प्रारूप पर आधारित थी, जिसमें टीमों के बीच तर्क-वितर्क की निरंतर गतिशीलता बनी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सीनियर स्कूल की प्रिंसिपल मंजुला सिंह के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने प्रतिभागी विद्यालयों व निर्णायक मंडल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने विचार स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने, असमर्थित तर्कों का सशक्त विरोध करने तथा विषयों पर तार्किक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर देना है। उन्होंने श्रोताओं की जागरूकता को भी वाद-विवाद का महत्वपूर्ण पक्ष बताया।
इस प्रतियोगिता से पूर्व 11 दिसंबर 2025 को एक ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया था, जिसमें सभी प्रतिभागी विद्यालयों व अंग्रेज़ी विषय के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रतियोगिता के प्रारंभ में सुश्री स्मृति राजोव शर्मा ने नियमों की जानकारी दी तथा एक कुशल वक्ता के गुणों पर प्रकाश डाला। कार्यशाला और प्रतियोगिता के माध्यम से गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली, नोएडा, वाराणसी और प्रयागराज के छात्रों को अपने तर्क कौशल को नए ढंग से निखारने का अवसर मिला।
निर्णायक मंडल में स्मृति राजोव शर्मा के साथ यजुर डोलवानी और मोहित हुड्डा शामिल रहे। प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों—कक्षा 6–7, 8–9 एवं 10–12—में विभाजित किया गया। प्रत्येक श्रेणी में समाज और स्कूल शिक्षा से जुड़े तीन विषय दिए गए।
कार्यक्रम में कुल 12 टीमों ने भाग लिया, जिनमें नेहरू वर्ल्ड स्कूल, उत्तम स्कूल फॉर गर्ल्स, खेतान वर्ल्ड स्कूल, डीपीएस गुरुग्राम, डीपीएस नोएडा, एलन हाउस पब्लिक स्कूल वसुंधरा, गौर इंटरनेशनल स्कूल, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, एहल्कोन इंटरनेशनल स्कूल दिल्ली, लॉरेल्स इंटरनेशनल स्कूल प्रयागराज, सनबीम स्कूल लहरतारा वाराणसी और सनबीम स्कूल वरुणा वाराणसी शामिल रहे।
तीनों श्रेणियों में श्रेष्ठ वक्ताओं को टैबलेट पुरस्कार प्रदान किए गए। कक्षा 6–7 में आरित जैन (एलन हाउस पब्लिक स्कूल, वसुंधरा), कक्षा 8–9 में आरनी महेन्द्र तथा कक्षा 10–12 में दक्षराज सिंह (नेहरू वर्ल्ड स्कूल) और समृद्धि सिंह (एलन हाउस पब्लिक स्कूल, वसुंधरा) ने संयुक्त रूप से श्रेष्ठ वक्ता का खिताब जीता। विजेता टीम का खिताब सनबीम स्कूल लहरतारा को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सभी श्रेष्ठ वक्ताओं को टैबलेट, स्पीकर, बैग व पुस्तकें पुरस्कार स्वरूप दी गईं, जबकि अन्य प्रतिभागियों को पुस्तकें और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता में छात्रों ने तथ्यों के साथ अपने विचार प्रस्तुत करते हुए विरोधी तर्कों का प्रभावी खंडन किया। अंत में जूनियर स्कूल की प्रिंसिपल पूनम गैरोला ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जीत या हार से अधिक महत्वपूर्ण सीखने का अनुभव होता है और प्रत्येक प्रतिभागी अपने आप में विजेता है।



