नीट परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न 24 अभ्यर्थी अनुपस्थित

जसवंतनगर,इटावा। नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच अभ्यर्थियों की कड़ी निगरानी में परीक्षा कराई गई।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्र पर जैमर भी लगाए गए थे, जिससे 500 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जा सके।
केंद्र व्यवस्थापकों के अनुसार परीक्षा केंद्र पर कुल 480 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 24 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 456 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा के दौरान पूरे समय केंद्र पर शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक केंद्र पर मौजूद रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी क्षेत्राधिकारी ने पुलिस टीम के साथ सभी परीक्षार्थियों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य के लिए रवाना होने तक व्यवस्थाओं की निगरानी की। अधिकारियों ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त किया।



