प्राचीन शिव मंदिर के सामने मीट की दुकानों को हटाने की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद। जागृति विहार, सेक्टर-23 संजयनगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने चल रही मीट की दुकानों को हटवाने की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि मंदिर के ठीक सामने 6–7 मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां खुले में जिंदा मवेशियों की कटाई की जा रही है। इससे क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और अस्वच्छता फैल रही है।
निवासियों के अनुसार कटाई के बाद मवेशियों का खून और अवशेष नालियों में बहा दिए जाते हैं, जिससे मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण दूषित रहता है। दिनभर जिंदा मवेशियों की गाड़ियों की आवाजाही और शोर-शराबे के कारण श्रद्धालुओं विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों—को पूजा-अर्चना में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं दुकानों पर आने वाले ग्राहकों द्वारा मार्ग अवरुद्ध कर दिए जाने से आवागमन भी प्रभावित होता है।श्रद्धालुओं ने जिलाधिकारी से मंदिर की पवित्रता, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन मीट की दुकानों को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित कराने की मांग की है। ज्ञापन के साथ पूर्व में दिए गए आवेदन की छायाप्रति भी संलग्न की गई है।



