नहीं रहे पत्रकार सतीश पांडेय, विदाई ने नम कर दीं पत्रकारों की आंखें

50 की उम्र में थम गई आवाज, अंतिम विदाई में उमड़ा पत्रकारों, नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का हुजूम

सुलतानपुर। पत्रकार साथी सतीश पांडेय नहीं रहे… यह खबर सुनना ही जैसे यकीन से परे है। महज 50 वर्ष की उम्र में एक हंसता-मिलता चेहरा, सहज व्यक्तित्व और पत्रकारिता को समर्पित एक साथी अचानक हमेशा के लिए खामोश हो गया। एक दैनिक अखबार के ब्यूरो चीफ सतीश पांडेय के असामयिक निधन ने पत्रकारिता जगत के साथ उन्हें जानने वाले हर व्यक्ति को भीतर तक झकझोर दिया।

सतीश के बड़े भाई वरिष्ठ पत्रकार विजय पांडे के अनुसार, करीब एक माह पहले बुखार के बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। शुगर बढ़ने और स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 18 अगस्त को उन्हें लखनऊ में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मंगलवार रात उनका निधन हो गया। पार्थिव शरीर रात में घर लाया गया।

बुधवार को दियरा घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में पत्रकार, नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और परिचित मौजूद रहे। सतीश पांडेय का सहज व्यवहार, आत्मीयता और बेबाक अंदाज उनकी खासियत थी। साथी पत्रकारों के बीच उनका मिलनसार स्वभाव उन्हें सबसे अलग बनाता था। उनके अचानक चले जाने से पत्रकारिता जगत में एक ऐसी रिक्तता पैदा हुई है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष संतोष यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता जगत ने केवल एक साथी नहीं, बल्कि संवेदनशील इंसान, सहज व्यक्तित्व और आत्मीय मित्र खो दिया है।

जिला महामंत्री निसार अहमद ने कहा कि सतीश पांडेय जैसे बेबाक और समर्पित पत्रकार का जाना पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति है। पत्रकारिता के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।

पूर्व अध्यक्ष दर्शन साहू, राजेश मिश्रा, सतीश तिवारी, योगेश यादव, रमाकांत बरनवाल, जितेंद्र श्रीवास्तव , शिवकरन द्विवेदी, डॉ अरविंद चतुर्वेदी, सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, राजेंद्र यादव, आशुतोष मिश्रा, कलीम खान, राम नारायण, प्रवीण श्रीवास्तव, राजकमल, मो. शाकिब, सरफराज अहमद, रामबाबू यादव, वीरेंद्र खरे, रामलखन मौर्य, राजबहादुर यादव, सुनील कुमार, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की बल्दीराय इकाई अध्यक्ष पवन दूबे, महामंत्री शिवम श्रीवास्तव, मोहम्मद नकी, नितिन मिश्र, सुरेंद्र मिश्र, राकेश यादव, विपिन देहाती, रंजीत सिंह, रणजीत यादव, रुपेश दूबे आदि पत्रकारों ने गहरा शोक जताया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।

Related Articles

Back to top button